रुद्रप्रयाग। 11 अप्रैल को होने वाले मतदान को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराने को लेकर प्रेक्षक डॉ. ई रमेश कुमार ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट से उनके अधीन बूथों के साथ ही बूथों की सड़क से दूरी, संचार सुविधा आदि की जानकारी ली। सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को भी कहा।
मुख्य प्रेक्षक ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने एआरओ के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा। कहा कि 11 अप्रैल को सभी मतदान केंद्रों पर प्रात: 7 बजे से मतदान शुरू होना है। इसलिए सभी पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी व अन्य कार्मिक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर प्रात: 05 बजे से मतदान से पूर्व होने वाले कार्य शुरू कर दें। सभी मतदान केंद्रों पर प्रात: 6.15 बजे ईवीएम में मॉक पोल किया जाना जरूरी है। प्रेक्षक ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर बीएलओ हेल्प डेस्क बनाई जाए, जिससे मतदाताओं को मतदान के बारे में जानकारी दी जा सके। इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही बॉक्स में सलाह देने वाले चिकित्सकों के मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। यदि किसी कार्मिक का स्वास्थ्य खराब होता है, तो वह चिकित्सकों से उचित परामर्श लेकर दवा का सेवन कर सकता है। इस मौके पर पुलिस प्रेक्षक संजय कुमार जैन, एसपी अजय सिंह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पांडे मौजूद थे।
जारी --