रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत डडोली के तीन सौ से अधिक परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। गांव के लिए जलसंस्थान की दो योजनाएं तो संचालित हो रही हैं, लेकिन उनकी स्थिति बेहद खराब है। ग्रामीण एक किमी दूर जाबर तोक के प्राकृतिक स्रोत से पानी की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं।
जलसंस्थान ने लगभग 6 दशक पूर्व स्यूंर गदेरा से सोगना-डांगी पेयजल योजना के नाम से डडोली गांव तक पानी पहुंचाया था। इस योजना पर दो इंच मोटे पाइप लगे हुए हैं, जो जगह-जगह से जर्जर हो चुके हैं, जिस कारण लीकेज हो रहा है। साथ ही दो दशक पूर्व जलनिगम ने भी इसी योजना के समांतर अन्य लाइन बिछाई थी। जिसकी हालत भी अब दयनीय हो गई है। गांव के तीन सौ से अधिक परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्हें एक किमी दूर जॉबर तोक के प्राकृतिक स्रोत से अपनी जरूरतों को पूरा करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान हंसलता देवी, सते सिंह रावत, हिम्मत सिंह, रमेश सिंह आदि का कहना है कि लंबे समय से योजनाओं के पुनर्गठन और मरम्मत के लिए विभाग को कई बार प्रस्ताव भेज चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि संबंधित जेई को योजनाओं का निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है। जो भी कार्य होंगे, उन्हें जल्द किया जाएगा।