गदरपुर। महतोष से रतनपुरा होकर नवाबगंज तक जाने वाले चार किमी लंबी सड़क के रखरखाव के लिए वर्ष 2014 में 10 लाख, वर्ष 2015 में 25 लाख और वर्ष 2016 में 55.61 लाख रुपये खर्च किया गया लेकिन क्षेत्र के लोगों को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। पिछले दो वर्षों में सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोनिवि ने एक रुपया भी खर्च नहीं किया है। यह बात पदमश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश ने रतनपुरा स्थित आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर में हुई पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि सड़क टूटी हुई है और सरकार बेपरवाह है। हैरानी की बात है कि एनएच-74 से लगे जिला मुख्यालय से मात्र 16 किमी दूर तथा भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल की मौजूदगी के बावजूद इस खस्ताहाल सड़क पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं एवं आकस्मिक दर्दनाक मौत पर सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। सड़क की मरम्मत का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जबकि राज्य में डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीन वर्षों में इस सड़क की मरम्मत में खर्च हुए करीब 81 लाख रुपये का ब्योरा दे और सड़क को गड्डा मुक्त रखने में नाकाम अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ गड्ढों से हुई जानमाल के नुकसान की भी अति शीघ्र भरपाई करे। वहां पर मुख्तयार सिंह, कंवलजीत सिंह, अमर सिंह, नवजोत सिंह, विनोद कुमार, हरपाल सिंह आदि थे।