ऊखीमठ। बीते दिनों भारी बर्फबारी से बंद पड़े ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे को दो हफ्ते बाद चोपता तक खोल दिया गया है। चोपता में फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। विगत 22 जनवरी से शुरू हुई भारी बर्फबारी के बाद ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रुप से बंद हो गया। बर्फबारी के दौरान यहां छह वाहन भी फंसे थे। दो हफ्ते बाद मंगलवार को एनएच द्वारा जेसीबी और स्नो कटर मशीन की सहायता से हाईवे को बर्फ हटा कर वाहनों की आवाजाही के लायक बनाया। एनएच के सहायक अभियंता आशीष बुटोला ने बताया कि चोपता तक हाईवे खोल दिया गया है। बर्फबारी के चलते चोपता में फंसे छह वाहनों में से दो को निकाल दिया गया है, जबकि चालक नहीं होने से अन्य वाहन नहीं निकाले जा सके। इसकी सूचना थाना ऊखीमठ को दे दी गई है। ब्यूरो