ऊखीमठ। सरिसोली में भारी चट्टान टूटने से 42 घंटे तक बंद रहे कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राजमार्ग दोपहर बाद 2.30 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया है। हाईवे खुलने पर यात्रियों, स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासन व पुलिस ने राहत की सांस ली है।
एनएच द्वारा दो तरफा मशीनों की मदद से बोल्डर व मलबे की सफाई की गई। करीब 24 घंटे तक चले कार्य के बाद दोपहर को हाईवे यातायात के लिए खोल दिया गया। अब, केदारनाथ से बदरीनाथ जाने वाले यात्री इसी रास्ते से गुजर रहे हैं। साथ ही क्षेत्र के गांवों के लोगों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पहाड़ी से टूटी चट्टान से भारी बोल्डर व मलबा 80 मीटर क्षेत्र में फैल गए थे, जिस कारण सफाई में समय लगा है। मौके की स्थिति को देखते हुए यहां पर एक मशीन तैनात की गई है। बताया कि प्रभावित क्षेत्र की स्थायी मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। बीते मंगलवार रात्रि को 9 बजे सिरसोली में पहाड़ी से चट्टान टूटने के कारण हाईवे बंद हो गया था। मार्ग पर भारी बोल्डर व मलबा गिरने के कारण बीते बुधवार तड़के से यातायात बंद पड़ा था। गांवों के लोग भी मीलों पैदल नापकर ऊखीमठ पहुंच रहे थे।