रुद्रप्रयाग। मातृ एवं शिशु के लिए गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से सीएमओ डा. सरोज नैथानी ने एक नई पहल शुरू की है। उन्होंने एएए (एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री) पॉयलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। पांच उप केंद्रों पर इसे शुरू किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने वाला रुद्रप्रयाग जनपद प्रदेश में पहला जिला बन गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सहित महिला व नवजात शिशुओं को लेकर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री आपस में मिलकर कार्य करती हैं। इसे देखते हुए सीएमओ डा. नैथानी ने इन तीनों को एक कड़ी में शामिल करते हुए गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवा को लेकर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व एएनएम एक मंच पर एकत्रित होकर जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में 2 आशा, 5, एएनएम, 11 आंगनबाड़ी कार्यकत्री को अपडेट किया जाता है। प्रारंभिक स्तर पर अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा, खांकरा, जवाड़ी और उपकेंद्र ऊखीमठ को इस सेवा से जोड़ा गया है। परियोजना में चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों की एएनएम, आशा व आंगनबाडी कार्यकत्रियों की कार्यशाला आयोजित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक सप्ताह मातृ-शिशु सुरक्षा अभिलेख की समीक्षा कर परिणाम के अनुकूल होने पर अन्य उपकेंद्रों में भी योजना शुरू की जाएगी।