रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के ग्राम पंचायत थपलगांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर मनरेगा व स्वजल के तहत शौचालय निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा, कि गांव के सार्वजनिक पेयजल धारे के समीप चार शौचालय बनाए गए हैं, जिसकी गंदगी से स्रोत पर असर पड़ रहा है। उन्होंने मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर रोष जताया है।
ग्रामीणों का कहना है गांव से करीब सौ मीटर की दूरी पर सार्वजनिक प्राकृतिक पानी का धारा है, जिससे सभी परिवारों की पानी की जरूरतें पूरी हो रही हैं, लेकिन ग्राम प्रधान नीरा देवी द्वारा धारे के समीप चार शौचालय बनाए गए हैं। ये क्यों बनाए गए हैं, इसे लेकर ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं है। यहां तक कि दस्तावेजों में भी इस निर्माण का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। वहीं प्रधान नीरा देवी ने बताया कि शौचालय का निर्माण जरूरत के हिसाब से किया गया है। गांव के कुछ लोग उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं। इधर एसडीएम मुक्ता मिश्रा ने बताया कि डीएम ने थपलगांव में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों व शौचालय निर्माण को लेकर कमेटी गठित की है। गांव जाकर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण के बाद कार्रवाई की जाएगी।