अवैध हथियारों के साथ रील बनाने वाले एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सब्जी विक्रेता पर हमला कर दिया। उससे नकदी लूट ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाडली गुर्जर निवासी वसीम रेलवे रोड पर गंगनहर कोतवाली से आगे सब्जी की रेहड़ी लगाता है। तेलीवाला गांव निवासी एक युवक से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि उक्त युवक अवैध हथियारों के साथ अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर वीडियो अपलोड करता रहता है।
बुधवार शाम आरोपी अपने छह साथियों के साथ सब्जी विक्रेता की ठेली पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी व उसके साथियों ने वसीम पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर जाते समय 20 हजार रुपये की नकदी भी छीन ले गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के सोशल मीडिया वीडियो सामने आए हैं। इनके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।