पुलिस ने सात ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। कलियर थानाध्यक्ष प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस के निर्देश पर जिले में नशे की तश्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार शाम को इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अजय शाह पुलिस टीम के साथ बेडपुर चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि भगवानपुर से ऑटो में बैठकर एक युवक बेडपुर चौक की तरफ आ रहा है। युवक को घेरकर बेडपुर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से सात ग्राम स्मैक बरामद हुई। युवक की पहचान फरीद पुत्र यामीन निवासी किलकिली साहब रोड पिरान कलियर के तौर पर हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर से सस्ते दाम में स्मैक खरीदकर कलियर में महंगे दाम पर बेचता था। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कलियर क्षेत्र में काफी लंबे समय से क्षेत्र में स्मैक का गोरखधंधा चलने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है।