कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है। इससे पहले भी युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा था। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दी तहरीर में बताया कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री बुधवार तड़के सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच अचानक घर से लापता हो गई। जब महिला सुबह 4:30 बजे उठी तो बेटी को घर में न पाकर उसके होश उड़ गए। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। पीड़िता की मां ने गांव के ही एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।