रुड़की। क्या आपको पता है कि पिछले साल रक्षाबंधन पर आपने जो लड्डू, बालूशाही और रसगुल्ले खाए थे, वे मिलावटी थे। जी हां! पिछले साल अगस्त में लिए गए मिठाइयों के सैंपल फेल होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दुकानदारों के खिलाफ एडीएम वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। कोर्ट में दोनों मामले की सुनाई शुरू हो गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग समय-समय पर मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान चलाता रहता है। विभागीय अधिकारियों की ओर से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। पिछले साल अगस्त में रक्षाबंधन के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मालवीय चौक से गणेशपुर की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित मिठाई की दो दुकानों पर छापा मारा था। साथ ही यहां से लड्डू, बालूशाही और रसगुल्ले सैंपल लिया लेकर जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजा गया था। दो महीने पहले आई रिपोर्ट में तीनों सैंपल फेल हो गए यानी मिठाइयों में मिलवाट की गई थी। इसके बाद इन दोनों दुकानदारों को सैंपल की जांच किसी केंद्रीय लैब से कराने का समय दिया गया था, लेकिन उन्होंने सैंपलों की जांच नहीं कराई। अब दोनों के खिलाफ एडीएम वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
--
तीन मिठाइयों के सैंपल जांच में फेल हो गए हैं। इसके बाद दुकानदारों को केंद्रीय लैब से जांच कराने का मौका दिया गया, लेकिन दुकानदारों ने जांच नहीं कराई है। इसके बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
-संतोष कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की
--
51 मामले कोर्ट में विचाराधीन
आंकड़ों पर नजर डालें तो एडीएम वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में 51 मामले विचाराधीन हैं। सभी मामले सैंपल फेल होने पर दर्ज कराए गए हैं, जिनकी सुनाई की जा रही है। इसके अलावा सैंपल फेल होने से संबंधित ही सात मामले सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन है।
--
सावधान! फिर आने वाला है रक्षाबंधन
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की डिमांड बढ़ने के साथ ही मिलवाटखोरी भी शुरू हो जाती है। अगले महीने से रक्षाबंधन के साथ ही त्योहारों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा और अधिक मुनाफे के चक्कर में मिलावटखोर आपकी सेहत से खिलवाड़ शुरू कर देेंगे। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग अभियान चलाकर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई का दावा करता है, लेकिन इसके बावजूद खासकर त्योहारी सीजन में मिठाई खरीदते समय सतर्कता बरतें। जहां तक संभव हो सूखी मिठाई ही खरीदें, क्योंकि इसमें मिलावट की आशंका अपेक्षाकृत कम होती है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार का कहना है कि जल्द ही अभियान शुरू कर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे जाएंगे।