पुलिस ने खेत में छापा मारकर एक महिला को कच्ची शराब बनाते रंगेहाथ पकड़ लिया। एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से शराब की भट्ठी, पांच लीटर शराब और अन्य सामान बरामद किया है।
पथरी क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में जिलेभर में पुलिस ने कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चला रखा है। इसी क्रम में भगवानपुर पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। सोमवार रात प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ सोमवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इस बीच सूचना मिली कि ग्राम बड़ी लामग्रंट के पास जंगल में कच्ची शराब बनाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने खेत में छापा मारकर एक महिला को हिरासत में लिया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पांच लीटर शराब, दो हजार लीटर लाहन बरामद किया। पुलिस ने लाहन को नष्ट कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि रुक्मिणी और उदय सिंह निवासी बड़ी लामग्रंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। महिला को कोर्ट में पेश कर चालान कर दिया गया है जबकि उदय सिंह की तलाश की जा रही है।