यहां सिविल अस्पताल में चिकित्सकों की कमी आए दिन मरीजों पर भारी पड़ रही है। अब दो महिला चिकित्सकों की एक साथ छुट्टी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दो दिनों से हो रही समस्या को देखते हुए बहादराबाद से एक महिला चिकित्सक को बुलाया गया है। इससे मरीजों को कुछ राहत की उम्मीद है। दूसरी ओर अस्पताल से एक चिकित्सक को चारधाम ड्यूटी में एक माह के लिए रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
सिविल अस्पताल में तैनात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. अरुणा डबराल 14 अप्रैल से दो मई तक अवकाश पर थीं। इसके बाद भी उन्होंने ज्वाइनिंग नहीं दी। वहीं दो से 10 मई तक एक अन्य महिला चिकित्सा दीपा छुट्टी पर हैं। दोनों महिला चिकित्सकों की अनुपस्थिति से महिला मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में बहादराबाद से एक महिला चिकित्सक को फिलहाल रुड़की सिविल अस्पताल से अटैच किया गया है। इससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल के सीएमएस डा. संजय कंसल का कहना है कि एक महिला चिकित्सक छुट्टी पर थीं, जिन्हें दो मई को ज्वाइन करना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं आ सकी है। वहीं दो से दस मई तक एक अन्य महिला चिकित्सक भी छुट्टी पर चली गईं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए तत्कालिक तौर पर बहादराबाद से एक महिला चिकित्सक को रुड़की सिविल अस्पताल में संबद्ध किया गया है।