दो अलग-अलग मामलों में महिला समेत दो लोग लापता हो गए हैं। परिजनों ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई है, जबकि युवक के मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 28 वर्षीय पत्नी 19 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। वहीं दूसरी ओर कस्बे के मोहल्ला पठानपुरा निवासी रियाज हसन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र इमरान रजा 19 जुलाई से घर से लापता हो गया। बताया कि कस्बे के ही दो युवक एक दिन पहले उनके पुत्र से मिलने आए थे। काफी देर तक उन्होंने उससे बात की। अगले दिन इमरान रजा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें आशंका है कि उनके पुत्र को दोनों युवकों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ कर लिया है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है, जबकि युवक के मामले में तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।