सालियर गांव की कांवड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से 25 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। पुलिस ने सालियर और रामपुर गांव के लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की है। साथ ही विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वर्ष 2015 में सालियर गांव की कांवड़ ले जाते समय रामपुर गांव में जमकर बवाल हो गया था। बवाल में आगजनी की घटना हुई थी। इसमें पुलिस के सरकारी वाहनों से लेकर आम लोगों के वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। बवाल में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। तभी से हर साल सालियर गांव की कांवड़ को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहता है। इस बार 26 जुलाई को महाशिवरात्रि के दिन हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पैदल चलकर सालियर गांव पहुंचेगी। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा ले जाते समय कोई विवाद न हो, इसे लेकर पुलिस ने सालियर और रामपुर गांव के करीब 25 से अधिक लोगों को चिह्नित कर मुचलका पाबंद कर दिया है। साथ ही सख्त चेतावनी दी है कि अगर किसी ने विवाद या अफवाह फैलाई तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि सालियर गांव की कांवड़ को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। शांति व्यवस्था न बिगड़े, इसे लेकर कुछ लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है।