पुलिस ने पत्नी समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी केस दर्ज किया
एक किलो सोना बेचने के नाम पर पत्नी ने अपने परिवार के साथ मिलकर पति से लाखों की ठगी कर ली। पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो मारपीट कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर कस्बे के सीमली मोहल्ला निवासी विनय ने पुलिस को बताया कि उसकी ससुराल मंगलौर के मोहम्मदपुर जट्ट में है। उसकी पत्नी ममता की बहन शालू की शादी रुड़की के भंगेड़ी गांव निवासी मनोज के साथ हो रखी है। उसकी पत्नी ने बताया था कि साढ़ू अमित और उसके भाई सुमित व मनोज के पास एक किलो सोना है। इसकी कीमत 70 लाख रुपये है।
बताया कि उन्हें रुपयों की जरूरत है और वह सोने को 10 लाख रुपये में बेचने को तैयार हैं। पत्नी की बात में आकर वह सोना खरीदने के लिए तैयार हो गया। इस पर उसने करीब सात लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद उसने सोना देने की बात कही लेकिन वह बहाना बनाने लगे। इस पर उसने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उक्त लोगाें ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। साथ ही रुपये देने से इन्कार कर दिया। आरोप लगाया कि उक्त लोग अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ममता, शालू, अमित, सुमित व मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।