कार में तोड़फोड़ का प्रयास, चालक ने कार भगाकर बचाई जान
बुधवार रात झूले पुल के पास की है घटना, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की।
बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक करते कार का हूटर बजाने पर चालक से गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि युवकों ने कार में तोड़फोड़ करने का भी प्रयास किया। किसी तरह चालक ने कार दौड़ाकर अपनी जान बचाई।
गंगनहर पटरी पर बुधवार की शाम दो बाइकों पर चार युवक गणेशपुर की ओर जा रहे थे। जैसे वह झूले पुल के पास पहुंचे तो पीछे से एक कार आई। बताया जा रहा है कि युवकों के बीच सड़क पर चलने पर कार चालक ने पहले हॉर्न दिया। इस पर युवकों ने उसे साइड नहीं दी। बताया जा रहा है कि कार चालक ने हूटर बजा दिया। इससे नाराज युवकों ने अपनी बाइक रोककर कार भी रोक ली। साथ ही कार चालक से गाली गलौज कर दी। चालक विरोध करने के लिए कार से बाहर निकल आया। इस पर युवकों ने चालक की पिटाई कर दी। साथ ही कार में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। इस पर चालक कार मौके से लेकर निकल गया। बताया जा रहा है कि युवकों ने काफी दूर तक कार का पीछा भी किया। उधर, युवकों के मारपीट करने से राहगीरों में भी अफरातफरी मची रही।