विधान सभा चुनाव के लिए पुलिस ने जनपद के सभी 873 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। मंगलवार शाम को डीएम हरिद्वार और एसएसपी हरिद्वार ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और मतदान केंद्रों पर तैनात सुरक्षा बलों को निर्देश दिए हैं कि यदि मतदान के दौरान कोई भी गड़बड़ी करने का प्रयास करता है तो उसको किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बुधवार को विधान सभा चुनाव है। जनपद हरिद्वार में 11 विधान सभा सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 316 मतदान केंद्रों पर पुलिस की कड़ी नजर है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीएम एसए मुरुगेशन एवं एसएसपी हरिद्वार कृष्ण कुमार वीके ने मंगलवार को सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही वहां के सुरक्षा इंतजाम भी देखे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों और मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों को निर्देश दिए है कि मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैदी के साथ डटी रहे, यदि कोई भी चुनाव में गड़बड़ी का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव प्रत्याशियों का, परीक्षा पुलिस की
विधान सभा चुनाव भले ही प्रत्याशियों का हो, लेकिन इसमें असली परीक्षा पुलिस की हो रही है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। ताकि कोई भी असामाजिक तत्व गड़बड़ी न कर सके।
चुनाव में अपनी जीत के लिए सभी प्रत्याशियों ने दिनरात एक कर दिया है। बुधवार को उनकी किस्तम का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। उनकी इस परीक्षा का रिजल्ट 11 मार्च को सामने आएगा, लेकिन इसके पीछे असली परीक्षा पुलिस की हो रही है। पूरे चुनाव प्रचार में जहां प्रत्याशी अपने प्रचार में जुटे रहे। वहीं पुलिस यह देखने में रही कि कहीं कोई विवाद न हो जाए। इसको लेकर तमाम प्वाइंटों पर न सिर्फ दिनरात पुलिस बल तैनात रहे, बल्कि दिनरात की टीमें गश्त करती रही। ताकि कोई ऐसी बात न हो जाए। जिससे विधान सभा चुनाव प्रभावित हो। अभी तक की परीक्षा में पुलिस पूरी तरह से सफल रही है। बुधवार को पुलिस असली परीक्षा होनी है। हालांकि पुलिस की ओर से इस परीक्षा को लेकर पूरा होमवर्क किया जा चुका है। जनपद की पूरी पुलिस फोर्स के साथ ही बाहर से भी अर्द्ध सैनिक बल और होमगार्ड आदि बुलाए गए हैं।
चुनाव आचार संहिता लगने के साथ ही सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी। सभी चेक पोस्ट और बॉर्डर के प्वाइंटों पर सघन चेकिंग की गई। दिनरात पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रही।
मणिकांत मिश्रा, एसपी देहात
गड़बड़ी वाले केंद्रों को तीन श्रेणियों में बांटा
वर्नेबल, स्पेशल ट्रबल और क्रिटिकल
अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। पुलिस ने इस बार ऐसे मतदान केंद्रों को तीन श्रेणियों में बांटा हैं। जहां पर पूर्व के चुनावों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है। पुलिस ने ऐसे मतदान केंद्रों को वर्नेबल, स्पेशल ट्रबल और क्रिटिकल में बांटा है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इन केंद्रों पर पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे।
जनपद के मतदान केंद्र
कुल मतदान केंद्र-873
कुल मतदान स्थल-1638
सेक्टर- 143
जोन-23
वर्नेबल (संवेदनशील)-95
स्पेशल ट्रबल-162
क्रिटिकल (अति संवेदनशील)-59
जनपद में चुनाव के लिए सुरक्षा इंतजाम
सीपीएमएफ-22 कंपनी
पीएसी- 4 कंपनी
बाहर से प्राप्त होमगार्ड-2350
कांस्टेबल-1631
जनपदीय होमगार्ड-400
पीआरडी-451
हेड कांस्टेबल-185
एसआई-492
इंस्पेक्टर -55