लक्सर। भिक्कमपुर गांव के ग्रामीण से तहसील के एक लेखपाल ने 25 हजार रुपये लेने के बाद भी रिहायशी जमीन के मामले में उसके खिलाफ रिपोर्ट लगा दी। इस पर ग्रामीण ने लेखपाल की रिश्वत लेते वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने एसडीएम लक्सर से इसकी शिकायत की। एसडीएम ने मामले में कार्रवाई करने का भरोसा पीड़ित को दिया है।
जानकारी के मुताबिक भिक्कमपुर के एक ग्रामीण ने गांव के चौराहे पर ही कपड़ों की दुकान खोल रखी है। कुछ दिनों पहले उसने गांव के निकट ही अपने रहने के लिए आवासीय जमीन खरीदी थी, लेकिन उस जमीन पर गांव का ही एक दूसरा व्यक्ति अपना हक जता रहा था।
विवाद लक्सर एसडीएम के यहां पहुंच गया था। एसडीएम ने मामला संज्ञान में आने के बाद हल्का लेखपाल से इस बाबत जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। ग्रामीण का आरोप है कि उसके बाद हल्का लेखपाल उसकी कपड़े की दुकान पर आ गया तथा उसने रिपोर्ट लगाने के बदले ग्रामीण से 50 हजार रुपये की मांग की।
आरोप है कि हल्का लेखपाल को 25 हजार रुपये दिए जाने के बावजूद हल्का लेखपाल ने दूसरे ग्रामीण के पक्ष में रिपोर्ट लगा दी। ग्रामीण ने हल्का लेखपाल को पैसे देते समय अपने एक साथी की मदद से पैसे देने की वीडियो बना ली। जब ग्रामीण को हल्का लेखपाल की रिपोर्ट दूसरे ग्रामीण के पक्ष में लगाए जाने की जानकारी मिली तो उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पिछले दो दिन से वायरल हो रही वीडियो में लेखपाल ग्रामीण की दुकान पर खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। जिसमें ग्रामीण की ओर से उसे 25 हजार रुपये की रकम दी गई है। इसे वह अपनी जेब में डाल रहा है। इतना ही नहीं पीड़ित ग्रामीण ने लक्सर एसडीएम पूरण सिंह राणा से इसकी शिकायत की है। उधर, एसडीएम का कहना है कि मामले की शिकायत ग्रामीणों द्वारा उनसे की गई थी। लेकिन अभी तक उन्हें कोई भी वीडियो क्लिप नहीं मिली है।