क्षेत्र की ढंडेरा निवासी 15 वर्षीय विनीता शिलान ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर परिवार के साथ ही स्थानीय खेल प्रेमियों का भी मान बढ़ाया है। स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती स्कूल एवं स्पोर्ट्स अकादमी की वॉलीबॉल टीम ने ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित सितारगंज में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। विनीता भी विजेता टीम का हिस्सा रही।
युवा खिलाड़ी विनीता के पिता हेमंत कुमार ने बताया कि उनकी बेटी योगेश्वर पब्लिक स्कूल ढंडेरा की 11 कक्षा की छात्रा है। वह करीब पांच वर्षों से लगातार वॉलीबॉल का अभ्यास कर रही है। इस दौरान वह विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है। परिवार के अनुसार विनीता का सपना अपने गांव, शहर, जिले और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करना है। विनीता का परिवार सामान्य मध्यमवर्गीय है। उसके बड़े भाई कक्षा 12 और छोटे भाई कक्षा आठ में पढ़ते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विनीता खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार मेहनत कर रही है। गांव के परिवेश में रहने वाली विनीता स्थानीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों से भी प्रेरणा लेती हैं। ऋषभ पंत और आकाश मधवाल जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। परिवार से जुड़े सदस्य देवेंद्र सिंघानिया ने बताया कि 25 से 29 सितंबर तक सितारगंज में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। विनीता ने टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर खेलते हुए टीम की जीत में योगदान दिया। उनकी सफलता से परिवार, गांव और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।