चौकी क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर सलोनी नदी में अवैध खनन का शिकारपुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को विरोध जताया। ग्रामीणों ने पुलिस पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीण भोपाल सिंह, आसिफ, कैलाश, लक्ष्मी, सेवा देवी, अंगूरी देवी, इंदिरा और माया आदि ने बताया कि करीब 20 दिनों से सलोनी नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से लगातार अवैध खनन किया जा रहा है। आरोप है कि खनन सामग्री से भरी ट्रॉलियां गांव के बीच से होकर गुजरती हैं जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। वहीं रात भर ट्रैक्टर-ट्राॅली चलने से लोगों को आराम करने में भी भारी दिक्कतें हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित लोगों को गांव के बीच से वाहन न ले जाने की बात कही लेकिन कोई असर नहीं हुआ। आरोप है कि एक दिन मामले की सूचना 112 पर भी दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और गांव से गुजरने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।