कलियर-सोहलपुर मार्ग पर खनन सामग्री और मिट्टी से भरे भारी डंपरों के दिन रात अनियंत्रित आवागमन से स्थानीय लोगों में रोष है। शनिवार को क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए इन डंपरों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। लोगों ने कुछ समय के लिए डंपरों को रोककर विरोध भी दर्ज कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपरों की आवाजाही से पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल रहा है जिससे दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है। उड़ती धूल के कारण सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। सड़क पर गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है।
सभासद राशिद साबरी, डॉ़ शहजाद, अमजद मलिक, राशिद अली, इसरार शरीफ, नाजिम अली, गुलजार चौधरी और राकिब सहित अन्य लोगों ने बताया कि डंपरों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को परेशान होना पड़ता है।
कलियर सोहलपुर मार्ग रिहायशी क्षेत्र और मुख्य मार्ग है जहां आम लोगों का आना जाना लगा रहता है। इसके बावजूद तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपर लापरवाही से चलाए जा रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि भारी वाहनों से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि खनन सामग्री से भरे डंपरों का रूट बदलकर धनौरी रोड किया जाए और कलियर सोहलपुर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।