पेड़ काटने के विवाद में ग्रामीण पर घर में घुसकर हमला करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी शिवम, शिवकुमार, संजीत, आशीष और मुन्नी देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दरगाहपुर गांव निवासी अजय की ओर से न्यायालय में दाखिल किए गए प्रार्थनापत्र में बताया गया कि गांव के कुछ लोग उसके साथ रंजिश रखते हैं। 20 मार्च 2025 की सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर में बैठा हुआ था। इस दौरान आरोपी शिवम कुमार, शिवकुमार, संजीत कुमार आशीष और मुन्नी देवी हाथ में लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए।
उन्होंने पॉपुलर के पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। इससे उसके दाहिने कंधे में फ्रैक्चर हो गया। उसने पुलिस को शिकायत की थी लेकिन ने चोट का उपचार कराने का आश्वासन देकर विपक्षियों के साथ समझौता कराने का आश्वासन दिया लेकिन आरोपियों ने समझौता होने के बाद उसका उपचार नहीं कराया उल्टा उसे दोबारा जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को की तो पुलिस ने समझौता होने का हवाला देते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। इससे उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।