कोतवाली क्षेत्र के गांव टिकौला कलां में रंजिश के कारण छह से अधिक युवकों ने तीन युवकों को रास्ते में घेर लिया और हथियार दिखाकर एक मकान में बंधक बनाकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल दो युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टिकौला कलां गांव निवासी रामजीलाल ने दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा पोपिन, लोकेंद्र और आकाश 26 मई की सुबह करीब नौ बजे गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। तभी गांव के ही अंकित उर्फ बाल्लर, मोनू उर्फ टीनू, अंकित उर्फ पिद्दू, मोहित, नितिन और दीपक ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने हथियारों के बल पर तीनों को राजेंद्र नामक व्यक्ति के मकान में खींच लिया और बंधक बना लिया।
तहरीर के अनुसार शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण नीटू ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने बंधक बनाए गए युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आवाज सुनकर पहुंचे मोहित ने दरवाजा खोलकर अंदर का नजारा देखा तो आरोपियों ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां से स्थिति नाजुक होने के कारण पोपिन और मोहित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, दबंगों ने इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि रामजीलाल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।