आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकें बरामद
लक्सर। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई आठ बाइकें बरामद की गईं। पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने लक्सर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र में बीते दो माह में वाहन चोरी की पांच घटनाएं हुई थीं। सभी मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहन चोरों की तलाश कर रही थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से पुलिस ने वारदात में संलिप्त गिरोह को चिह्नित करते हुए शनिवार देर रात को रेलवे परिसर से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अमित निवासी ग्राम पीपली कोतवाली लक्सर और मुराद निवासी ग्राम गाडोवाली थाना पथरी बताए।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर लक्सर के अलावा अन्य स्थानों से चोरी की गईं आठ बाइकें बरामद की गईं हैं।
नशे और शाहखर्ची के शौक ने बनाया वाहन चोर, खंडहर में छिपाते थे चोरी के वाहन
लक्सर। वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी मुराद और अमित दोस्त हैं। दोनों पिछले काफी समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। आरोपी मुराद के खिलाफ 13 और अमित के खिलाफ सात मामले दर्ज हुए हैं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि नशे और शाहखर्ची के शौक पूरा करने के लिए दोनों पिछले काफी समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। पूर्व में वह जेल भी जा चुके हैं। शातिर होने के कारण दोनों सीसीटीवी की जद में आने से बचते हुए वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए वाहन को छिपाने के लिए वह हरिद्वार मार्ग स्थित एक खंडहर का इस्तेमाल करते थे।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि कुछ समय तक वाहन को छिपाकर रखने के बाद वह कम कीमत पर बाइक को बेच देते थे। बताया कि बरामद की गई तीन अन्य बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने कई महत्तवपूर्ण जानकारी दी हैं। मामले की जांच अभी जारी है।