शोरूम के पास से निकले टीवी केबल को काटने पर केबलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। शोरूम मालिक से उनकी नोकझोंक भी हुई। बाद में एक सफेदपोश ने भी शोरूम मालिक को फोन पर धमकाया। इसके बाद शोरूम मालिक ने अपनी गलती मानकर माहौल शांत कराया।
सिविल लाइंस में एक ज्वेलरी का शोरूम है। शोरूम के पास से टीवी केबल निकाले गए हैं। हाल ही में शोरूम मालिक ने अपने कर्मचारियों से केबल कटवा दिए। टीवी संचालन बंद होने पर केबल कर्मचारियों ने शनिवार को छानबीन की तो पता चला कि शोरूम मालिक ने केबल कटवा दिए हैं। इस पर केबलकर्मियों ने हंगामा शुरू कर दिया। शोरूम कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और जमकर नोकझोंक हुई। सूचना मिलते ही शोरूम मालिक भी मौके पर पहुंचे तो केबल काटने के आरोप में कर्मचारियों ने शोरूम मालिक को खरी-खोटी सुनाई। तभी केबल कर्मचारियों ने मोबाइल फोन पर एक नेता से शोरूम मालिक की बातचीत कराई। नेता ने भी केबल काटने पर शोरूम मालिक को खरी खोटी सुनाई तो वह अपनी गलती बनने लगा। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ।