कई दिनों से खाद संकट झेल रहे किसानों का गुस्सा सोमवार को शिकारपुर स्थित सहकारी समिति गोदाम में फूट पड़ा। गोदाम पर खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। किसानों की भीड़ अधिक होने और खाद के कट्टे कम पड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान किसानों और समिति कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
किसानों का कहना था कि लंबे समय से खाद नहीं मिलने के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है। सोमवार सुबह खाद पहुंचने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से किसान गोदाम पहुंचने लगे। किसानों की संख्या अधिक होने से खाद के कट्टे कम पड़ गए जिससे किसान नाराज हो उठे। समिति कर्मचारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास करते हुए बताया कि गोदाम पर केवल 900 बैग खाद ही पहुंची है जबकि समिति के तहत आने वाले 12 गांवों के किसान खाद लेने पहुंचे हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि सभी किसानों के नाम दर्ज कर बराबर मात्रा में खाद वितरित की जाएगी। हालांकि इस व्यवस्था का कुछ बड़े किसानों ने विरोध किया जिसके कारण माहौल गरमा गया। वहीं कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों से आई खाद को बाहर बेचा गया था जिसके कारण अब किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। कर्मचारियों ने आरोपों को निराधार बताया है। खाद वितरण को लेकर दिनभर गोदाम परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा।