हाईवे किनारे खड़े ईंटों से भरे ट्रक में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार सुबह मुजफ्फरनगर की ओर से लोहे का सामान लेकर एक ट्रक मंगलौर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह उत्तम शुगर मिल के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खड़े ईंटों से भरे एक ट्रक में उसने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आए ट्रक का सामने का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक में ही फंस कर रह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त कैलाश चंद्र (36) निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी महेश जोशी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।