टोल प्लाजा पर कार सवार युवकों और टोल कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट में दो लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों ने थाना पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम बिंदुखड़क निवासी टिंकू अपने साथियों के साथ कार से बुधवार दोपहर को रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह कस्बे के पास टोल प्लाजा पर पहुंचे तो टोल कर्मचारियों और कार सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। नोकझोंक होने के साथ ही मौके पर हंगामा शुरू हो गया। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में कार सवार चालक टिंकू निवासी बिंदूखड़क और टोल प्लाजा कर्मचारी अमित सैनी घायल हो गए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। बाद में घायल दोनों पक्षों के लोगों ने थाना पुलिस को घटना की शिकायत कर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। भगवानपुर प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद