लंबे समय से रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना दे रहे उत्तराखंड किसान मोर्चा ने मंगलवार को डीएम के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित कर दिया। मौके पर पहुंचे एडीएम ने बताया कि शासन स्तर की मांगों को लेकर एक प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जिलास्तर की समस्याओं को जल्द निस्तारित करने की बात कही।
उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से स्मार्ट मीटर का विरोध, बढेडी राजपूतान में हाईवे पर अंडरपास, इकबालपुर चीनी मिल का बकाया भुगतान एवं गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल आदि की मांग को लेकर धरना शुरू किया था। किसानों ने विधायकों के आवास से लेकर डीएम कार्यालय तक का घेराव किया था। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह के आश्वासन पर जिले के अधिकारियों की टीम ने किसानों से वार्ता की।
मंगलवार को डीएम कर्मेंन्द्र सिंह ने धरनास्थल पर अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आशीष कुमार मिश्रा एवं सहायक गन्ना आयुक्त शैलेन्द्र सिंह ने किसानों के बीच भेजा। यहां पर अधिकारियों ने बताया कि इकबालपुर चीनी मिल का भुगतान एक-दो दिन में हो जाएगा। इसके अलावा बढेडी राजपूतान में अंडरपास के लिए एनएच के अधिकारियों को बोल दिया है। वहीं गन्ना मूल्य भुगतान समेत कई मांगें ऐसी हैं जो शासन स्तर की हैं। उनका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा रहा है। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।