थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर गांव से पुलिस ने 144 किलो प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को एसएसआई सुनीलदत्त पंत पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकर्रबपुर में एक दुकान पर प्रतिबंधित पशु का मांस बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
दबिश के दौरान दुकान में दो युवक मांस काटते और छांटते हुए मिले। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनस कुरैशी निवासी मुकर्रबपुर और रिहान कुरैशी निवासी चिलकाना, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताए।
पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मांस काटने के उपकरण भी बरामद किए। पशु चिकित्साधिकारी की ओर से जांच में मांस गोवंशीय पाया गया। इसके नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। शेष मांस को नियमानुसार गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।