केमिकल से झुलसा किशोर। सुधी पाठक
क्षेत्र के छापुर गांव निवासी नाबालिग अखिल व सावेज केमिकल से बुरी तरह झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देहरादून के श्री महंत इंदिरेश अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने कंपनी मालिक पर बच्चों को बहला-फुसलाकर खतरनाक काम कराने का आरोप लगाया है।
छापुर निवासी अखिल (16) और सावेज (15) को चोली शहाबुद्दीनपुर निवासी एक केमिकल कंपनी का मालिक काम के बहाने अपने साथ ले गया था। परिजनों का आरोप है कि मालिक ने बच्चों से जबरन केमिकल के खाली ड्रम साफ करवाए। इस दौरान ड्रमों में मौजूद जानलेवा केमिकल बच्चों के शरीर पर चिपक गया जिससे वे बुरी तरह जल गए। परिजनों ने बताया कि बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उन्हें तत्काल रुड़की के आरोग्य अस्पताल ले जाया गया।
वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हाथ खड़े कर दिए और उन्हें देहरादून रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों किशोर इंदिरेश अस्पताल में भर्ती हैं जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने आरोपी कंपनी मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। मामले में एसएसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केमिकल से झुलसा किशोर। सुधी पाठक