भगवानपुर बस अड्डे के बाहर रोडवेज बसें नहीं रुकने की शिकायत पर परिवहन निगम की ओर से दो पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। इनपर बसों को रुकवाकर यात्रियों को बैठाने की जिम्मेदारी होगी। साथ ही जो बसें नहीं रुकेंगी उनकी सूचना निगम को देनी होगी।
भगवानपुर बस अड्डा बनाए हुए कई साल बीत चुके हैं लेकिन अब तक यहां से बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। रोडवेज बस अड्डे के बाहर भी बस चालक नहीं रोक रहे हैं। ऐसे में स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को बसें पकड़ने के लिए रुड़की तक की दौड़ लगानी पड़ रही थी। इसकी शिकायत लोगों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से की थी। रुड़की रोडवेज डिपो के एजीएम केके मल्होत्रा ने बताया कि यात्रियों को परेशानी न हो इसे लेकर भगवानपुर बस अड्डे पर दो पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। पीआरडी जवानों को स्थानीय बस यात्रियों के लिए बसें रुकवाने की जिम्मेदारी दी गई है ताकि यात्रियों को बसों की आसानी से सुविधा मिल सके।