संपत्ति विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे के दो लोगों की कमर और पैर की हड्डी तोड़ दी। तीन लोगों को जमकर पीटा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दस हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना भगवानपुर को बड़ी लामग्रंट निवासी अमित कुमार ने बताया कि कन्हैया सिंह पक्ष के लोगों से जमीन और मकान संपत्ति को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोपी पक्ष के लोगों ने 11 जनवरी की दोपहर घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की थी।
मारपीट में सतपाल, नितिन, मीनाक्षी देवी और अनु देवी घायल हो गए थे। बीचबचाव में करणपाल समेत दो लोगों की हड्डी टूटी थी और अन्य लोगों को गंभीर चोट लगी थी। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर परिवार की जान बचाई थी। इसके बाद परिवार के लोगों को अस्पताल ले जाया गया था।
थानाध्यक्ष सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मनजीत, कमलजीत, सरबजीत, रामचंद्र, लोकेश, सरजीत, परमजीत, कन्हैया कुमार समेत 10 लोगों के खिलाफ तहरीर के आधार पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।