अलग-अलग जगह से दो व्यक्ति संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव निवासी दलबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि 25 दिसंबर की सुबह उनके पिता विनोद कुमार घर से नहर के किनारे टहलने गए थे लेकिन दोपहर तक घर वापस नहीं आए। इस पर उनकी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं लग पाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। वहीं, निजामपुर गांव निवासी लोकेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका भाई प्रवीण कुमार 30 दिसंबर को घर से एक कार शोरूम पर काम करने गया था लेकिन घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी भाई का कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी दोनों की तलाश की जा रही है।