खनन पर प्रशासन की टीम ने दिन निकलते ही छापा मार दिया। छापे में माफिया के छह ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं दो जेसीबी को सीज कर दिया गया। प्रशासन के इस छापे से माफिया में हड़कंप मच गया।
रविवार को एसडीएम मनीष कुमार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार धनीराम सैनी ने पटवारी संजय सैनी, अनुज यादव एवं सोमपाल के साथ भोगपुर क्षेत्र में छापा मारा। छापे के दौरान बाण गंगा नदी के आसपास स्थित खेतों में खनन कर रहे माफिया को प्रशासन ने पकड़ लिया। प्रशासन ने यहां अवैध खनिज सामग्री से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं दो जेसीबी मशीन को अवैध खनन करने में पकड़ कर सीज कर दिया। इसके बाद प्रशासन की टीम कार्रवाई के बाद निकली तो गांव से रामपुर रायघटी से अवैध रूप से रेत भरकर ला रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी पकड़ लिया। इन दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी प्रशासन की टीम ने सीज कर दिया। नायब तहसीलदार धनीराम सैनी ने बताया कि सीज किए गए सभी वाहनों को पकड़कर भिक्कमपुर-जीतपुर पुलिस चौकी में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि माफिया के खिलाफ आगे भी छापेमार कार्रवाई जारी रहेगी।
खनन से भरे दो वाहन पकड़े, सीज
उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने शनिवार शाम भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान किसी स्थान पर खनन होता नहीं पाया गया। जिसके बाद जैसे ही उपजिलाधिकारी फतवा गांव के पास पहुंचे तो सड़क से गुजरते समय खनन सामग्री से भरे हुए दो ट्रैक्टर ट्राली को देखा। जिसके बाद वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। उपजिलाधिकारी ने बताया कि दोनों वाहानों को सीज कर दिया गया है।