पुरानी रंजिश के चलते युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इससे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब दोनों गुट मौके से फरार हो चुके थे।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पनियाला रोड निवासी युवकों का पुरानी तहसील निवासी युवकों के साथ पुराना विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर पहले भी दोनों गुट आपस में भिड़ चुके हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को पनियाला गांव निवासी दो युवक एक बाइक से पुराना रेलवे रोड पर किसी काम से आए थे। इस बीच पुरानी तहसील के युवकों ने उन्हें घेर लिया।
इसके बाद दोनों गुटों में सड़क पर ही जमकर मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट होती देख राहगीरों में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पुरानी तहसील निवासी युवकों ने उनकी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही युवक वहां से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि युवकों को चिह्नित किया जा रहा है।