गुरुकुल नारसन में हुई चोरी की वारदात में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख की नकदी सहित कार बरामद की गई है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों का चालान कर दिया है।
मंगलवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने गुरुकुल नारसन निवासी रोहित कुमार के बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कर लिया था। छानबीन में मेरठ के बदमाशों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर समेत कई जनपदों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश दी लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश मेरठ के एक अस्पताल के पास खड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही मेरठ में पहले से ही मौजूद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर कार सवार दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस पकड़े गए आरोपियों को मंगलौर कोतवाली ले आई।
बदमाशों ने बताया कि उन्होंने चुराए गए आभूषण बेच दिए हैं। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई रकम को खर्च कर दिया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम इरफान व अमीर निवासी जहांगीर हुसैन कॉलोनी थाना लोहिया नगर मेरठ बताया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित कार बरामद की गई है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाश शातिर किस्म के है और उनका पुराना आपराधिक इतिहास है। आरोपियों पर मेरठ के थाना नौचंदी साड़ी गेट खुर्जा नगर अलीगढ़, आनंद विहार दिल्ली, मंगलौर कोतवाली में अलग-अलग धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
दून जाते समय रास्ते में बंद मकान देख दिया वारदात को अंजाम
- कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के मुताबिक आरोपियों ने बताया वह कार में सवार होकर देहरादून में एक वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। इसी दौरान गुरुकुल नारसन पहुंचने पर वह लघुशंका करने लगे इसी बीच उन्हें एक बंद मकान दिखाई दिया। जिसके बाद उन्होंने बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी व आभूषण चोरी कर लिए देहरादून ना जाकर गुरुकुल नारसन से ही वापस लौट गए।