पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्यारोपी समेत तीन युवकों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
रुड़की। शहर से सटे एक गांव में महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है की मुख्यारोपी के दोस्तों महिला की अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्यारोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि फरार चल रहे तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि मेहरबान निवासी रुड़की ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच मेहरबान के साथी दानिश और अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला ने उसके अश्लील वीडियो बना लिए। कुछ समय बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और तनाव की स्थिति बनने लगी। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला उप निरीक्षक अंशु चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मुख्यारोपी मेहरबान और अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला को गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी दानिश की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।