पुलिस फरार आरोपियों की संभावित ठिकानों पर कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। पुलिस ने गैस के कैप्सूल (टैंकर) से गैस चोरी करते पकड़े गए दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को शनिवार की सुबह सूचना मिली थी कि फरीदाबाद और अंबाला से गैस के दो टैंकर गैस लेकर लंढौरा डिपो में जा रहे हैं। लंढौरा डिपो जाने के बजाए दोनों टैंकर खटका गांव के पास स्थित एक ढाबे के बाहर खड़े हो गए हैं। इनमें से एक टैंकर में से व्यवसायिक गैस सिलिंडरों में रिफलिंग की जा रही है। सूचना पर एसएसआई अभिनव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर रिफलिंग करने वाले भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर टैंकर के चालक और परिचालक को पकड़ लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से रिफलिंग पाइप, एक कार, 11 व्यवसायिक गैस सिलिंडर बरामद किए। इनमें से दो सिलिंडरों में गैस की रिफलिंग की गई थी। पुलिस खाद्य आपूर्ति निरीक्षक टीएन शर्मा की तहरीर पर सुखबीर निवासी पिसावा, थाना पिसावा अलीगढ़ यूपी और शाकिब निवासी सलेमपुर जानसठ, जिला हाथरस यूपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। एएसपी निहारिका तोमर ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार लोगों की तलाश की जा रही है।