कारोबारी से चौथ मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। कारोबारी से प्रवीण वाल्मीकि के नाम से दो लाख रुपये की चौथ मांगी गई थी।
गंगनहर कोतवाली में पत्रकारवार्ता करते हुए सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि रामनगर निवासी एक कारोबारी से दो सितंबर को कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि के नाम से दो लाख की चौथ मांगी गई थी। चौथ न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। कारोबारी ने इस बात की जानकारी दी। जिसके चलते गंगनहर कोतवाली पुलिस ने धारा 386 के तहत मुकदमा दर्ज किया । एसएसपी राजीव स्वरूप के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मोबाइल नंबर आदि की लोकेशन निकलवाई। जिसके चलते बदमाश को चिह्नित किया गया। केएल पालीटेक्निक मैदान के समीप दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में एक बदमाश ने अपना नाम हिमांशु त्यागी निवासी आदर्श कालोनी श्यामनगर एवं सलमान उर्फ मामा निवासी बंसल ट्रांसफार्मर फैक्ट्री के पास सुनहरा रोड गुलाब नगर बताया। हिमांशु के पास से एक पिस्टल एवं दो कारतूस बरामद किया। जबकि सलमान के पास से 12 बोर का एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। साथ ही दो मोबाइल और दो सिम बरामद हुए। इस मोबाइल और सिम से ही कारोबारी से चौथ मांगी गई थी। कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि के कहने पर उन्होंने यह चौथ मांगी थी। दोनों बदमाशों को पकड़ने में एसएसआई रणवीर सिंह चौहान, एसआई मदन मोहन भट्ट, कांस्टेबल देवेंद्र ममगई, कपिल देव, त्रिलोक, सुनील चौहान, अरविंद पयाल एवं योगेंद्र सिंह भंडारी के नाम शामिल हैं।
हिमांशु की प्रवीण से है पुरानी दोस्ती
हिमांशु प्रवीण वाल्मीकि का पुराना दोस्त है। दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे। पिछले दिनों ही हिमांशु प्रवीण के संपर्क में आया था। प्रवीण के कहने पर हिमांशु ने कारोबारी को चौथ के लिए फोन किया था। हिमांशु वैसे तो सीमेंट सप्लाई का काम करता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसका यह काम लगभग बंद था। काम न होने से हिमांशु बेहद परेशान था। इसी दौरान प्रवीण से उसकी मुलाकात हुई और प्रवीण ने ही उसे कारोबारी से चौथ मांगने को कहा था। जबकि सलमान सिर्फ हिमांशु को जानता था। सलमान मजदूरी करता है। सीमेंट सप्लाई के काम के दौरान ही हिमांशु और सलमान की पहचान हुई थी।
प्रवीण को किया चमोली जेल शिफ्ट
कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि की ओर से लगातार शहर के कारोबारियों से चौथ मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। इस बात को देखते हुए प्रवीण वाल्मीकि पर शिकंजा और ज्यादा कड़ा कर दिया है। जिसके चलते उसे अब पौड़ी जेल से चमोली जेल शिफ्ट कर दिया गया है।
अभी तीन मामलों का खुलासा होना बाकी
कारोबारियों से चौथ मांगने के तीन मामलों का खुलासा होना अभी बाकी है। सिविल लाइंस के उद्योगपति, दीपाली डेयरी के स्वामी और रामनगर निवासी एक अन्य डेयरी स्वामी से चौथ मांगने के मामले में खुलासा होना अभी बाकी है। इन तीनों से कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि के नाम पर ही चौथ मांगी गई है। दीपाली डेयरी स्वामी पर तो बदमाशों की ओर से फायरिंग भी की गई थी। हालांकि दीपाली डेयरी के स्वामी को जिस मोबाइल से धमकी दी गई थी उसे पुलिस ने बरामद कर चुकी है। यह भी पुख्ता हो चुका है कि डेयरी स्वामी को प्रवीण ने ही धमकी दी थी।