तीन बदमाशों ने रात में एक घर का दरवाजा खुलवाने के लिए खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। परिवार ने छत पर आकर शोर मचाया तो तीनों फरार हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तीनों की पहचान कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंढेरा निवासी अर्जुन कुमार ने पुलिस को बताया कि करीब 10 दिन बाद उसकी बहन की शादी होने वाली है। घर में शादी के लिए जेवर और नकदी रखी है। रविवार रात करीब एक बजे किसी ने उनके घर का दरवाजा जोर से खटखटाया। इसपर उसकी मां की आंख खुल गई। मां ने दरवाजा खटखटाने वाले से नाम और पता पूछा। इसपर आवाज आई की कि वह पुलिसवाले हैं और किसी काम से आए हैं, इसलिए दरवाजा खोल दें।
शक होने पर मां छत पर गई तो तीन नकाबपोश बदमाश घर के बाहर खड़े थे। इस पर मां ने शोर मचाया तो तीनों फरार हो गए। इसके बाद मां ने परिवार के अन्य लोगों को जगाया। इसपर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जिसमें तीनों बदमाश कैद हो गए। बताया कि बदमाशों ने उनके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरों के तार तोड़ने की भी कोशिश की। इसके अलावा शक जताया कि बदमाश घर में किसी वारदात को अंजाम देने आए थे। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि फुटेज के आधार पर तीनों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।