मुरादाबाद और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के बीच तीन स्थानों पर अंडरपास निर्माण कार्य के चलते 10 से 17 अप्रैल तक मेगा ब्लॉक चल रहा है। इसके कारण इस रूट से गुजरने वाली नौ ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर टपरी-सहारनपुर से चलाया जा रहा है। इससे दूसरे रूट पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें घंटों की देरी से स्टेशन पर पहुंचीं।
मुरादाबाद और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के बीच निर्माण कार्य के कारण शनिवार को सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस करीब 16 घंटों की देरी से स्टेशन पर पहुंची। हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस भी छह घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। इसके अलावा अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चली। कर्मभूमि एक्सप्रेस, देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर, साबरमती एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस और अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी अपने निर्धारित समय से करीब एक-एक घंटे की देरी से पहुंची। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।
इन ट्रेनों का मार्ग हुआ परिवर्तित
मेगा ब्लॉक के कारण लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस, नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस, दिल्ली-काठगोदाम संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस, दानापुर पटना- आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर संचालित किया जा रहा है।