होली को लेकर ट्रेनों में भीड़ के चलते यात्रियों को डाले पर लटककर करनी पड़ रही है यात्रा।
- फोटो : ROORKEE
जैसे-जैसे होली नजदीक आ रही है वैसे-वैसे ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, अंबाला, देहरादून, योगनगरी ऋषिकेश से आने वाली ट्रेनों में लोगों को सीट भी नहीं मिल रही है। ऐसे में लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। शनिवार को देहरादून से गोरखपुर जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस, अमृतसर से जयनगर जाने वाली जयनगर एक्सप्रेस, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली हावड़ा सुपरफास्ट, लखनऊ चंडीगढ़ सुपरफास्ट, अमृतसर लाल कुआं एक्सप्रेस, फिरोजपुर धनबाद एक्सप्रेस, देहरादून वाराणसी एक्सप्रेस, देहरादून हावड़ा एक्सप्रेस में यात्री खचाखच भरे हुए थे।
------------
पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलने से परेशानी
कई पैसेंजर ट्रेनों को कोरोना काल में दो साल पहले बंद कर दिया गया था। इसमें दिल्ली जाने वाली फर्स्ट एवं सेकंड लोकल और सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को बंद कर दिया गया था। इन ट्रेनों के बंद होने से पैसेंजर ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्री परेशान हैं। पैसेंजर ट्रेनों के नहीं चलने से यात्रियों को प्राइवेट बसों में यात्रा करनी पड़ रही है। सहारनपुर निवासी अशोक कुमार, दीपक, रामप्रसाद, मुरादाबाद निवासी नौशाद अली, राकेश कुमार, योगेश खन्ना, अनिल कुमार आदि ने सहारनपुर से मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन जल्द चलाने की मांग की है।