पॉलिथीन में सामान बेचने वालों की निगम के अधिकारियों ने शुक्रवार को जमकर खबर ली। निगम की टीम ने 22 कारोबारियों को पॉलिथीन में सामान बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ा। टीम ने उनकी पॉलिथीन जब्त कर ली है। साथ ही उन पर जुर्माना भी ठोका है। टीम की इस कार्रवाई का विरोध भी हुआ लेकिन टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी।
पॉलिथीन पर पूरी तरह से प्रतिबंध हैं लेकिन तमाम कारोबारी ऐसे हैं जो पॉलिथीन का इस्तेमाल कर रहे हैं। नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने बीटी गंज बाजार, मेन बाजार, नगर निगम पुल से मलकपुर चुंगी रोड, उद्योगशाला के बराबर वाले मार्ग आदि पर चेकिंग की।
इस दौरान टीम ने रेहड़ी व ठीया लगाकर सामान व फल बेचने वालों को पॉलिथीन में सामान बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ा। टीम ने उनसे रखी पॉलिथीन को जब्त कर लिया। साथ ही उन पर 200 से 500 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया। पॉलिथीन जब्त करने पर कुछ कारोबारियों ने विरोध भी किया। इसके चलते निगम टीम और कारोबारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। यदि कोई भी उसे इस्तेमाल करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निगम का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम में विपिन शर्मा, अमन कश्यप, सागर शर्मा, सूर्य मोहन, विपुल गर्ग व गौतम वेद आदि मौजूद रहे।