सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 लोग जख्मी हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा डिपो की बस रुड़की से हरिद्वार की ओर जाते समय सोलानीपुल के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में दोनों ही वाहनों पर सवार 10 लोग जख्मी हो गए, जबकि दोनों भारी वाहनों की चपेट में आए एक स्कूटी सवार की मौत हो गई।
घटनाक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे हरियाणा डिपो की बस रुड़की से हरिद्वार की ओर जा रही थी। अभी बस रुड़की रोडवेज डिपो से महज दो किलोमीटर दूर ही पहुंची थी कि सामने से आ रही एक ट्रैक्टर ट्राली से उसकी भिड़ंत हो गई। इसी बीच एक स्कूटी सवार दीपक-20 पुत्र जगपाल निवासी बेलड़ा दोनों ही वाहनों की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दीपक अपने घर का इकलौता चिराग था। उसके पिता रिक्शा चलाने का कार्य करते हैं।
वहीं हादसे में बस और ट्रैक्टर ट्राली में सवार दस लोग घायल हो गए। बस के चालक महावीर और परिचालक मुल्कराज निवासी हरियाणा को गंभीर चोटें आईं हैं। इसके अलावा बस में सवार बचन सिंह और सुमित्रा देवी के अलावा दो अन्य लोगों को चोटें आईं हैं जिन्हें मिलिट्री अस्पताल में भरती कराया गया है। वहीं ट्रैक्टर ट्राली में सवार जैनपुर झंझेड़ी निवासी अलाउद्दीन, मेहताब, हुसैन, राशिद को भी दुर्घटना में चोटें आईं हैं। कुछ घायलों को सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया, जबकि दो को मिलिट्री हास्पिटल में भरती कराया गया। इसके अलावा कुछ ने निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया।
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
बस और ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से जान गंवाने वाले स्कूटी सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। यही कारण है कि सिर में उसे गंभीर चोटें आईं थी, जो मौत का कारण बनी। परिजनों का कहना है कि दीपक रोज हेलमेट पहनता था, लेकिन बृहस्पतिवार को वह हेलमेट पहनना भूल गया था।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हरिद्वार हाईवे पर बस और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर के बाद मार्ग पर जाम लग गया। इससे पहले कि मौके पर पुलिस पहुंचती मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। लगभग एक घंटे तक मशक्कत के बाद बामुश्किल पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।
खाई में गिरते-गिरते बची बस
सोलानीपुल के पास हुए हादसे में दुर्घटनाग्रस्त हुई हरियाणा की बस खाई में गिरते-गिरते बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मालूम हो कि बस में सवारियां भरी हुई थी और पेड़ की ओट मिलने से बस नीचे गिरने से बच गई। जहां दुर्घटना हुई वहां रोड के दोनों तरफ लगभग 15-20 फीट तक खाई है।