उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वायड हरिद्वार की टीम ने बाइक सवार तीन युवकों को संरक्षित पशु के मांस के साथ गिरफ्तार किया है। तीन युवक बाइक छोड़कर गन्ने के खेत में फरार हो गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार को स्क्वायड के एसआई आशीष कुमार को सूचना मिली थी कि भगवानपुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग बाइकों पर छह युवक संरक्षित पशु का मांस लेकर बेचने जा रहे हैं। इस पर वह टीम को लेकर भगवानपुर क्षेत्र में पहुंचे और बाइक सवारों की तलाश की। इस दौरान खेलपुर के पास तीन बाइकों पर टीम को युवक आते दिखाई दिए। टीम को देखकर तीन युवक बाइक से कूदकर जंगल में फरार हो गए। तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने तलाशी ली तो 132 किलो मांस बरामद हुआ। एसआई आशीष कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि जीशान, फैजान और अहसान निवासी सिकरोढ़ा और खालिद, आसिफ और नफीस निवासी खेलड़ी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार जीशान, फैजान और अहसान को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बाइकें सीज कर दी हैं।