मकान की दीवार पर गोलियों से बने निशान
- फोटो : amarujala
शहर से एक बारात मुजफ्फरनगर रवाना होने के दौरान एक बाराती ने हर्ष फायरिंग कर दी। पिस्टल से निकली चार गोलियां एक मकान की दीवार और छज्जे में जा धंसी। छत पर मौजूद एक महिला व दो किशोरियां फायरिंग में बाल बाल बच गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले बारात रवाना हो गई। तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहर के माहिग्रान में इमली रोड से एक कारोबारी के बेटे की बारात सोमवार रात मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होनी थी। आसपास की महिलाएं व बच्चे अपनी-अपनी छत से बारात देख रहे थे। दूल्हे के कार में बैठने के दौरान एक बाराती ने पिस्टल निकालकर हवा में फायरिंग कर दी। एक के बाद एक पिस्टल से चार गोलियां निकली और जावेद खान के मकान की दीवार व छज्जे में जा धंसी। गनीमत रही कि गोली छत से बारात देख रही परिवार की महिला व दो किशोरियों में किसी को नहीं लगी।
अचानक फायरिंग से जहां महिलाएं व बच्चे सहम गए। आसपास अफरा-तफरी मच गई। मस्जिद से लौटे जावेद खान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्होंने मौके से खाली खोखे पुलिस को उपलब्ध कराए। लेकिन इससे पहले बारात वहां से रवाना हो गई। फायरिंग पर आसपास के लोगों ने भी नाराजगी जताई और चौकी में शिकायत दी। अगली सुबह लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुुंचे और मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए तहरीर दी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी राकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर जल्द असलहा बरामद करा लिया जाएगा।
ठेकेदार की पिस्टल से निकली गोली
बारात के दौरान फायरिंग एक ठेकेदार की लाइसेंसी पिस्टल से चलाई गई है। उसका नाम पता पीड़ित पक्ष व आस पास के लोग भी जानते हैं, लेकिन तहरीर अज्ञात के खिलाफ दी गई है। फायरिंग से देर रात तक मोहल्ले में गहमा-गहमी रही। लोगों की जुबान पर यही चर्चा रही कि जरा से हिलनेडुलने पर हादसा हो सकता था।
कार्रवाई न होने से बढ़ रही हर्ष फायरिंग
शादी-पार्टियों में हर्ष फायरिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नारसन में पिछले साल फायरिंग में दूल्हे के पिता की मौत हो गई थी। दो माह पहले एक सफेदपोश के बेटे की शादी में हर्ष फायरिंग से पड़ोसी युवक घायल हो गया था। ज्यादातर मामलों में पुलिस सिर्फ लाइसेंस निरस्तीरकण की रिपोर्ट भेज देती है। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती। इससे यह मामले लगातार सामने आ रहे हैं।