कोर्ट परिसर में शराब पीने वाले तीनों कर्मचारियों को एसओसी ने सस्पेंड कर दिया है। तीनों कर्मचारियों को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर तहसीलदार ने रंगहाथों पकड़ लिया था।
तहसील परिसर में चकबंदी विभाग का न्यायालय है। बुधवार को न्यायालय से छुट्टी होने के बाद अन्य सभी कर्मचारी तो चले गए थे, लेकिन तीन कर्मचारियों चपरासी बिजेंद्र, सतपाल तथा पेशकार महेंद्रपाल सिंह न्यायालय के चैंबर में बैठकर शराब पीने लगे।
काफी देर तक शराब पीने के बाद तीनों कर्मचारियों ने नशे में हंगामा भी करना शुरू कर दिया। कमरे से आवाजें आने पर तहसील परिसर में घूम रहे लोगों ने अंदर पहुंचकर देखा तो आरोपी कर्मचारी शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते मिले। जिसकी शिकायत लोगों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश घिल्डियाल से की।
शिकायत मिलने पर मजिस्ट्रेट घिल्डियाल ने तुरंत तहसीलदार गोपाल सिंह चौहान को मौके पर भेजा। जिस पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर तीनों कर्मचारियों को शराब पीते रंगहाथों पकड़ लिया था। साथ ही मामले की जानकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को दी थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को चकबंदी विभाग के एसओसी डीएस नेगी ने तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।