पुलिस ने तीनों को भेजा जेल, दो और तीन फरवरी को की थी चोरी
पुलिस ने बंद मकान और शादी समारोह से जेवर व नकदी चोरी करने के मामले में अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के पास से चोरी का माल भी बरामद किया है। साथ ही तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
गंगनहर काेतवाली क्षेत्र स्थित गांव बंदाखेड़ी निवासी सुमित कुमार ने दो दिन पूर्व पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह दो फरवरी को मकान का ताला लगाकर परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। चार फरवरी को वह वापस आए तो मकान का ताला टूटा था और घर के अंदर से लाखों की कीमत के जेवर व कुछ नकदी चोरी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस ने विवेकानंद विद्यालय जाने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन दुकान से रोहित कुमार उर्फ मोदी निवासी बंदा खेड़ी, रुड़की और बिट्टू निवासी गांव काकनपुर, थाना देवबंद जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों से मकान से चोरी जेवर और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तीन फरवरी को आजादनगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल से किसी ने दूल्हे के शगुन के लिफाफे व जेवर से भरा बैग चोरी कर लिया था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि बैग चोरी में शहजाद उर्फ हकला निवासी लाला वाली गली पुरानी तहसील, को गिरफ्तार किया है। उससे बैग और कुछ नकदी भी बरामद की है। उन्होंने बताया कि तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।